
पपरोला (कांगड़ा)। पपरोला कस्बा के वार्ड 10 और 7 में सोमवार रात्रि चोरों ने 3 घरों में सेंध लगा दी। चोर 2 घरों से कोई भी कीमती सामान चुराने में नाकाम रहे, जबकि एक घर से बर्तन, कपड़े और कुछ नकदी उड़ा ले गए हैं। उधर, बैजनाथ पुलिस ने शिकायत पर चोरी के मामले दर्ज कर कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 10 में चोरों ने सोमवार रात्रि किशोरी लाल के कच्चे मकान से बर्तन, जैकेट्स और करीब 5 हजार की नकदी पर हाथ साफ किया। जबकि, साथ लगते प्रीतम के घर में चोरों ने सामान यहां-वहां बिखेर दिया। चोर दोनों घरों में छतों से दाखिल हुए। साथ लगते एक अन्य घर में भी चोरों ने घुसने की कोशिश की, लेकिन घर के सदस्यों के जागने पर वे भाग गए। पुलिस जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल मनोज वालिया ने बताया कि मामला दर्ज कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इधर, वार्ड 7 में चोरों ने पुरुषोत्तम के मकान के ताले तोड़ चोरी का प्रयास किया। घटना के समय मकान मालिक और उसका किरायेदार घर से बाहर थे। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल पवन ने बताया कि चोरी के मामलों की जांच की जा रही है।
