फोरलेन की जद में आएगा आई हॉस्पिटल!

भुंतर (कुल्लू)। जिले में रोटरी अस्पताल रूआडू का वजूद संकट में है। फोरलेन हाइवे के निर्माण के दौरान अब इस अस्पताल का जमींदोज होना तय है। यह अस्पताल आस-पास के हजारों लोगों के लिए वरदान साबित हुआ है। हर रोज यहां पर काफी संख्या में लोग आंखों की जांच करवाने के लिए आते हैं।
रूआडू में माया दास शिव दास ने रोटरी क्लब को आंख के अस्पताल के लिए करीब दो बीघा जमीन दान दी थी। वर्ष 2006 में रोटरी क्लब ने रूआडू में आंखों के अस्पताल की नींव रखी। अब नेर चौक से मनाली तक फोरलेन के दूसरे फेस के लिए सर्वें का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सर्वे के मुताबिक बजौरा से सटे झीड़ी से फोर लेन को डायवर्ट कर ब्यास नदी पर फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाएगा और फोरलेन को स्आडू जरड़, सूईभ्रा होते हुए जिया में मिलाने की योजना पर काम चल रहा है। ऐसे में रूआडू स्थित आई अस्पताल के इसकी जद में आने की चर्चा जोरों पर है। बजौरा में ब्यास नदी के ऊपर फ्लाई ओवर बनाकर रूआडू के बाशिंदों ने भी अस्पताल को बचाने के लिए हाई वे अथॉरिटी से सर्वे में कुछ बदलाव करने की मांग की है। नरैश पंचायत प्रधान प्रेम लता राठी ने बताया कि अभी इस संबंध में हाईवे सर्वे की पूरी जानकारी पंचायत को नहीं है। लेकिन इस संबंध में चर्चा जोरों पर है।
उन्होंने कहा कि हाई वे अथॉरिटी से जनहित में सर्वे में कुछ बदलाव की मांग की जाएगी, जिससे अस्पताल को कोई नुकसान न हो। रोटरी क्लब कुल्लू के सचिव विकास कुमार का कहना है कि यह सिर्फ चर्चा ही है लेकिन अधिकारिक तौर पर हाईवे अथॉरिटी से इस मामले पर कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। एनएचए के हिमाचल प्रभारी सतीश कौल से इस मामले पर बात की जाएगी और अस्पताल लोगों की सेवा के लिए खोला गया है। यह अपना काम निरंतर करता रहेगा। उधर, एनएचए के हिमाचल प्रभारी सतीश कौल का कहना है कि बजौरा से फोरलेन को वाया रूआडू करने की योजना है। अभी फाइनल सर्वे की रिपोर्ट आना शेष है।

Related posts