विकास किया है, विकास करेंगे : विक्रमादित्य

रामपुर बुशहर। युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस विरोध भाव से काम नहीं करती। कांग्रेस ने प्रदेश में विकास किया है और आगे भी करती रहेगी। वह मंगलवार को रामपुर के दरबार परिसर में युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज तक केवल विकास कार्य को ही प्राथमिकता दी है, लेकिन भाजपा ने सत्ता संभालते ही वीरभद्र सिंह को बदनाम करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद क्षेत्र में तकनीकी कॉलेज खोलने की बात सांसद के समक्ष प्राथमिकता से रखी जाएगी।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रतिभा सिंह पिछले चुनावों में एक लाख छत्तीस हजार से अधिक मतों से लोक सभा सीट को जीतने में कामयाब हुई थीं, लेकिन इस बार लीड उससे अधिक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस लोकसभा की चारों सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह ने सांसद रहते हुए रामपुर क्षेत्र के अलावा पूरे मंडी लोकसभा क्षेत्र में विकास किया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रामपुर में विकास की कोई कमी नहीं है, लेकिन यहां के युवा तकनीकी प्रशिक्षण हासिल करें, यह वीरभद्र सिंह की सोच है। उन्होंने कहा कि चुनावों के बाद प्रतिभा सिंह से उपमंडल में कहीं पर भी तकनीकी कॉलेज को खोलने की बात की जाएगी।
रामपुर के विधायक नंद लाल ने कहा कि हमें चुनाव प्रचार की रफ्तार को कम नहीं होने देना है। वहीं कैलाश फेडरेशन के चेयरमैन बृजलाल ने भी जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर मंडी सीट के पर्यवेक्षक देवेंद्र श्याम, मंडल अध्यक्ष सतीश वर्मा, युकां अध्यक्ष जसबीर सिंह ठाकुर, चंद्रप्रभा नेगी, कांता गुप्ता, साहिब सिंह वर्मा, राजेंद्र ठाकुर, राज कश्मीरी, बृज लाल, जेआर डमालू, अनिरुद्ध बिष्ट व कृष्ण गोपाल भारद्वाज मौजूद थे।

Related posts