बारिश शुरू होते ही छुट्टी

तेलका (चंबा)। राजकीय उच्च पाठशाला तेलका में अभिभावकों ने बारिश के दौरान समय से पहले स्कूल में छुट्टी किए जाने पर नाराजगी जाहिर की है। अभिभावकों का कहना है कि बारिश होते ही छात्रों को छुट्टी कर दी जाती है। ऐसा काफी समय से चल रहा है। इससे जहां छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है, वहीं शिक्षकों का गैर जिम्मेदाराना रवैया बच्चों को बारिश में घर पहुंचने के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है। इसके चलते अभिभावकों में काफी रोष पनप रहा है। स्थानीय निवासी धर्म सिंह, चमन लाल, संतोष कुमार, कमल कुमार, रमेश कुमार, चंदू राम, किशू राम, धनू राम, शिव कुमार ने बताया कि जब भी बारिश होती है, तो स्कूली बच्चों को छुट्टी कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि सोमवार को करीब पौने दो बजे स्कूल में छुट्टी कर दी गई थी। इस दौरान भारी बारिश में नौंवी कक्षा की एक छात्रा मौड़ा के पास रास्ते से नीचे गिर गई। हालांकि उसे ज्यादा चोट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि अगर शिक्षक इसी तरह मनमर्जी से बच्चों को छुट्टी करते रहे और कभी कोई हादसा हो जाता है तो इसके लिए स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार होगा। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि इस मामले की जांच की जाए व शिक्षकों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। स्कूल के प्रधानाचार्य केके शर्मा ने बताया कि पूरे समय पर ही स्कूल में छुट्टी की जा रही है।
उधर, उच्च शिक्षा के उप निदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला ध्यान में नहीं है। अगर ऐसा है तो कार्रवाई की जाएगी।

हटली में मतदाताआें को किया गया जागरूक
चंबा। सीनियर सेकेंडरी स्कूल हटली में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका आयोजन स्वीप के तहत किया गया। इसमें जिला नोडल अधिकारी व उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर व सदस्य सचिव एवं प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरेंद्र सिंह पठानिया विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। इसके अलावा शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। अभियान के सदस्य सचिव व प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बीएलओ, स्कूल प्रबंधन समिति सदस्यों, पंचायत नुमाइंदों व ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा ईवीएम के बारे में भी जानकारी प्रदान की।

Related posts