पुलिया निर्माण में डाला अड़ंगा

सिहुंता (चंबा)। द्रमण-सिहुंता डबल लेन सड़क निर्माण के चलते द्रमनाला गांव में बनाई जा रही एक पुलिया के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में विवाद उत्पन्न हो गया है। इससे पुलिया का निर्माण कार्य रुक गया है। जैसे ही निर्माण में लगी कंपनी ने पुलिया निर्माण कार्य शुरू किया तो कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए इसमें अड़ंगा डाल दिया है। इससे निर्माण कार्य रोकना पड़ा है। स्थानीय निवासी ओंकार सिंह बरडू राम ने बताया कि स्थानीय निवासी प्रेम लाल पुत्र टिटू राम, प्रकाश चंद पुत्र जयवंत इस काम को करने में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि वर्ष 1995 में इस पुली का निर्माण किया गया था। अब लोक निर्माण विभाग ने दोबारा इसी जगह पर निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की है और इसी जगह पर निर्माण किया जाएगा। एनकेजी कंपनी के जीएम मैहरा ने बताया कि पुरानी पुली के स्थान पर ही निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल काम रोका गया है। दोबारा कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा चिन्हित स्थान पर ही किया जाएगा। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अशोक कौंडल ने बताया कि चयनित स्थान पर ही पुली का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि पुली निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ निपटने के लिए पुलिस व राजस्व विभाग का सहयोग लिया जाएगा।

Related posts