लाहौल महिला कांग्रेस ने छेड़ा प्रचार अभियान

केलांग। मंडी की प्रष्ठित लोकसभा सीट में चुनाव प्रचार को लेकर लाहौल स्पीति महिला कांग्रेस ने भी कमर कस ली है। लाहौल स्पीति के अलावा कुल्लू जिले में भी घाटी के करीब बीस हजार वोटर रहते हैं। इन वोटरों से प्रतिभा सिंह के पक्ष में मतदान करने के लिए महिला कांग्रेेस कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर अपील कर रही हैं। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य शशि किरण की अध्यक्षता में संगम जनजातीय भवन थरमाण सैरी कुल्लू में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान थरमाण, ज्वाणी रोपा, न्यूली, ग्राहकड, सेऊबाग, सुल्तानपुर, मठ, रामशिला, लोरन, लोअर ढालपुर, ग्रीनपीस, हनुमानी बाग समेत कई क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। शशि किरण ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान लोगों को केंद्र की यूपीए सरकार और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में जिस प्रदेश के साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्य किए गए हैं, जनता उनके आधार पर प्रतिभा सिंह को चुनाव में मतदान करेंगे। शशि किरण ने दावा किया है कि इस बार चुनाव में प्रतिभा सिंह पिछले चुनावों के मुकाबले दो लाख वोटों से रिकार्ड जीत दर्ज करेंगी। बैठक में वीरभद्र सिंह के लाहौली मित्र रतन सैन समेत देवी चंद, सुखदयाल, देवदास, देवराम, शिवचंद, किशनचंद, पुष्पा देवी, शकुंतला देवी, मानदासी, गुमानू देवी, रजनी, अनीता, रेणू और महिला मंडलों के कई सदस्य मौजूद रहे।

Related posts