
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। शनिवार को विस क्षेत्र के चुनावी दौरे पर निकले विधायक ने कोट, बारी और समैला पंचायताें के प्लासी, धुरखड़ी, मटियारा, घोड़ी मतौली, बांरी, फटोह, कारनी तथा जमनौण गांवाें में नुक्कड़ सभाआें को संबोधित किया। उन्होंने यूपीए सरकार को आजादी के बाद की सबसे निक्कमी सरकार बताया। कांग्रेस को उखाड़ फेंकना हर देशभक्त मतदाता का कर्त्तव्य है। कांग्रेस शासित यूपीए-1 और यूपीए-2 की दस वर्षों से चली आ रही सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बेईमानी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। देश के सरकारी खजाने को कांग्रेसी मंत्री और नेता लूट रहे हैं। लेकिन सरकार भ्रष्टाचार को रोकने के बजाय बढ़ावा देने में लगी है। पूर्व सैनिकों को आवास के लिए बनाई आदर्श सोसाइटी घोटाले में लिप्त कांग्रेसी नेता वर्तमान में चुनाव लड़ रहे हैं। मुज्जफरनगर में हुए दंगों को सभ्य समाज के लिए कलंक बताया। पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाने आए विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा साधारण परिवार से संबंध रखने वाले पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। लेकिन कांग्रेस की उम्मीदवार प्रतिभा सिंह योग्यता के आधार पर नहीं बल्कि मुख्यमंत्री पति के नाम पर चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस सरकार की नाकामियाें के चलते भाजपा प्रदेश की चाराें सीटों पर जीत का परचम लहराएगी। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रूप लाल रत्न, महासचिव राजेंद्र भुट्टो, अंजू शर्मा, नरोला के प्रधान अमरनाथ और पूर्व बीडीसी सदस्य रामलाल कौंडल मौजूद रहे।
