
चंबा (गीता)शहरों में अब पार्किंग निर्माण के लिए जमीन रोड़ा नहीं बनेगी। शहरी विकास विभाग ने इसके लिए एक विशेष योजना तैयार कर ली है। इस स्कीम के तहत नगर परिषदें अब रोड साइड खाली पड़ी अपनी जमीन पर पार्किंग बना सकेंगी। यानी नप एरिया में जहां भी सड़क किनारे जमीन खाली पड़ी हुई हैं, वहां पर सड़क को चौड़ा करके पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इन छोटी-छोटी पार्किंग के लिए जहां नगर परिषद को जमीन की कमी नहीं खलेगी, वहीं हर मोहल्ले के लोगों को पार्किंग की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा नगर परिषद एरिया में बेकार पड़ी जमीन को उपयोग में लाया जा सकेगा। कई शहरों में नगर परिषद के पास पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं हैं। इस समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद ने रोड साइड पार्किंग निर्माण का फैसला लिया है। जिला चंबा की बात करें तो तीन रोड साइड पार्किंग पहले से ही बन रही हैं। इसके अलावा आगामी दिनों में होनी वाली हाउस की बैठक में कुछ और मोहल्लों में भी रोड साइड पार्किंग का खाका तैयार किया जाएगा। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता अनिल गौतम ने बताया कि निदेशालय के निर्देशानुसार जिला में रोड साइड पार्किंग का निर्माण करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द से कुछ नए स्थानों को चिन्हित किया जाएगा।
ये हैं प्रस्तावित पार्किंग……….
नगर परिषद की ओर से जुलाहकड़ी मोहल्ले में पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण पर लगभग छह लाख रुपये की राशि खर्च होगी। यहां पर लगभग 15 वाहनों को खड़ा करने की सुविधा होगी। इसके अलावा बारगाह में भी रोड साइड पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है।
यहां पर किया जा रहा निर्माण………..
मौजूदा समय में जनसाली मोहल्ला के टीवी वार्ड स्थित सड़क के साथ ही नगर परिषद की ओर से पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इस पर लगभग साढ़े 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां पर करीब 40 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। वहीं सुलतानपुर में करीब साढ़े चार लाख रुपये खर्च कर 20 गाड़ियों के लिए पार्किंग बनाई गई है। धड़ोग मोहल्ले में कीचड़ व दलदल से भरे स्थान का सदुपयोग करते हुए नगर परिषद ने लगभग 15 वाहनों के लिए पार्किंग बना डाली है। यहां पर अभी मेेंटनेंस का काम चला हुआ है।
