एक हफ्ते बाद भी नहीं खुला भंजराडू-बैरागढ़ मार्ग

तीसा (चंबा)(जोगिन्दर)भंजराडू-बैरागढ़ मार्ग एक हफ्ता बीत जाने के बाद भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। इस कारण करीब एक दर्जन पंचायताें के सैकड़ों लोगों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। यह मार्ग शुक्राली नाला के पास करीब एक हफ्ता पहले भूस्खलन होने के कारण अवरुद्ध हो गया है, लेकिन इसे अभी तक बहाल नहीं किया जा सका है। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने बीच-बीच में इस मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोला भी, लेकिन कुछ समय बहाल होने के बाद फिर मार्ग बंद हो जा रहा है। इस कारण ग्राम पंचायत देवीकोठी, मंगली, बैरागढ़, टेपा, गुलेई, सत्यास, सुईंला, जुनास, बोंदेड़ी के सैकड़ों लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार, जोगिंद्र सिंह, नरेश कुमार, संजय, प्यार चंद, राहुल, संदीप, चमन सिंह व रूप लाल ने बताया कि बार-बार मार्ग बहाल होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से समस्या के समाधान करने की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एमके मिन्हास ने बताया कि शुक्राली के पास बर्फ पिघलने के कारण काफी मात्रा में पानी बह रहा है। इस कारण पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है व पत्थर भी गिरते रहते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया जा रहा है, लेकिन बहाल करने के बाद यह फिर बंद हो जाता है। उन्होंने कहा कि जल्द मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा।

Related posts