कौशल विकास भत्ते के नाम पर ठगी

धर्मशाला(आत्मा राम) जिले के एक कंप्यूटर सेंटर में कौशल विकास भत्ते के नाम पर छात्रों से हजारों रुपये की ठगी की गई है। संस्थान में कंप्यूटर सीख रहे छात्राें को कौशल विकास भत्ते के नाम पर शिक्षा तो दी जा रही है मगर यहां भत्ते के नाम पर छात्रों को कुछ नहीं मिल रहा है। छात्रों के एटीएम कार्ड संस्थान में पहले से ही जमा हैं। इस कारण छात्र चाह कर भी भत्ते की राशि नहीं ले सकते। सूत्र खुलासा करते हैं कि एटीएम कार्ड जमा करने के साथ-साथ छात्रों से कार्ड का पासवर्ड भी ले लिया गया है। छात्र सेंटर में पढ़ाई तो कर रहे हैं, मगर बेरोजगार छात्राें को भत्ते की राशि नसीब नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि भत्ते की राशि संस्थान चलाने वाले अपनी जेब में डाल रहे हैं। वहीं, पुलिस भी अपने स्तर इस मामले में जांच कर रही है। कोर्स के दौरान पढ़ाई कर रहे छात्राें को कौशल विकास भत्ते के तहत राशि जारी होती है। संस्थान संचालक की इस हरकत से पढ़ाई कर रहे छात्रों के अभिभावक भी परेशान हैं। अभिभावकों ने इसकी शिकायत पुलिस को भी सौंपी है। पुलिस जांच के बाद शीघ्र ही मामले से पर्दा उठा सकता है। भत्ते के नाम पर ठगी करने पर सेंटर चलाने वालों से भी पूछताछ हो सकती है।

अकाउंट में जाती है भत्ते की राशि
सरकारी नियमानुसार कौशल विकास भत्ते के तहत बेरोजगारों को कोर्स के लिए कोर्स के हिसाब से राशि जारी होती है। राशि सीधे छात्रों के बैंक अकाउंट में जाती है। एटीएम संस्थान के पास होने के कारण छात्रों को राशि नहीं मिल पाई है।

सबूतों के आधार पर होगी कार्रवाई : एएसपी
एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस के पास इस तरह की शिकायत आई है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। सबूतों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts