महंगाई सिर्फ ईमानदारी से रुकेगी

धर्मशाला (आत्मा राम)गीता भवन कोतवाली बाजार में भाजपा की जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा प्रत्याशी शांता कुमार ने कहा कि महंगाई सिर्फ एक ही चीज से रुक सकती है और वह है ईमानदारी। एनडीए की सरकार आने पर पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल लाइन को ब्राडगेज करके लेह तक ले जाया जाएगा। अगर हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा तो इससे रोजगार भी बढ़ेगा। उतराला-होली सुरंग का निर्माण करवाया जाएगा।
शांता ने कहा कि अगर कांग्रेस में प्रणब मुखर्जी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होते तो चुनावी रण में लड़ने का मजा ज्यादा आता। देश में महंगाई चरम पर है। यह चिंतनीय है। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि गरीब का जीना मुश्किल हो गया है। इसी गरीबी से नक्सलवाद का भी जन्म हुआ है। नक्सलवाद का कारण भूख, गरीबी और अन्याय है। अगर नक्सलवाद खत्म करना है तो पहले गरीबी खत्म करनी होगी। इस मौके पर पूर्व मंत्री किशन कपूर, मंडल अध्यक्ष रमेश अटवाल, जिला कांगड़ा संसदीय सीट के मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, मंडल महामंत्री बृज लाल कपूर सहित हिंदवीर कोहली, उत्तम चौधरी, राजेश शर्मा, ओंकार नैहरिया, शारदा शर्मा, नीलम सूद आदि पदाधिकारी मौजूद रहे। उधर, शांता कुमार ने निचला सकोह में भी नुक्कड़ जनसभा की। इस दौरान प्रधान भगवान दास सहित कई लोग मौजूद रहे।

Related posts