
केलांग। नेशनल एसटी कमीशन के उपाध्यक्ष एवं विधायक रवि ठाकुर का लाहौल पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्तींगरी हेलीपैड पर जोरदार स्वागत किया। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के साथ केलांग में रवि ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन भी किया गया। विधायक के निर्देश पर लोकसभा चुनाव प्रचार में तेजी लाने के साथ ही प्रतिभा सिंह को रिकार्ड बढ़त दिलाने के लिए चुनाव प्रचार कमेटियों का गठन किया। इनमें जिला, ब्लॉक तथा पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। रवि ठाकुर ने कहा कि कमेटी में महिलाओं तथा युवा वर्ग को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की वास्तव में कोई लहर नहीं है। दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के चारों प्रत्याशी जीत दर्ज कर संसद जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व के पक्ष में मतदान कर फिर केंद्र में यूपीए की सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर रही है। भाजपा जनता के बीच भ्रम फैला कर चुनावों में वोट लेने की फिराक में है। रवि ठाकुर ने पार्टीपदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वेे गांव-गांव जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। बैठक को डीसीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणवीर सिंह, उपाध्यक्ष प्रेमलाल, ब्लॉक अध्यक्ष नोरबू पांस, पूर्व अध्यक्ष नोरबू बौद्ध, पार्टी प्रवक्ता अनिल सहगल, महासचिव ज्ञालछन ठाकुर, सेवानिवृत्त कमांडेंट चेतन, पंचायत प्रधान संघ अध्यक्ष बीर सिंह ने चुनाव प्रचार रणनीति को लेकर संबोधित किया। पार्टी प्रवक्ता अनिल सहगल ने बताया कि रविवार से पटट्न घाटी में विधायक रवि ठाकुर कांग्रेस कमेटी की टीम के साथ चुनाव प्रचार करेंगे।
