
बंजार (कुल्लू)। विधायक कर्ण सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने एक वर्ष के कार्यकाल में बंजार क्षेत्र के विकास के लिए कई कार्य किए हैं। इसके अलावा कई विकास कार्यों की मंजूरी भी दिलवाई है। बंजार के विधायक कर्ण सिंह ने कहा कि गाड़ागुशैणी में कॉलेज खोलने की मंजूरी कांग्रेस सरकार ने दिलवाई। इसके अलावा कलवारी तथा हिड़ब्ब के स्कूलों का दर्जा बढ़ाकर सीनियर सेकेंडरी कर दिया गया। श्री कोट स्कूल का दर्जा भी मिडिल से बढ़ाकर दसवीं तक कर दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपाई बताएं कि उन्होंने पांच वर्ष के कार्यकाल में कितने स्कूलों का दर्जा बढ़ाया? उन्होंने कहा कि देउरी में लंबे समय से पुल की मांग की जा रही थी, लेकिन भाजपा पांच साल में पुल तक नहीं लगवा पाई। उन्होंने सत्ता में आने के एक वर्ष बाद पुल का निर्माण करवा दिया। उन्होंने कहा कि बंजार के अस्पताल भवन की दशा को देखते हुए नए अस्पताल भवन निर्माण की सारी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं। चुनावों के बाद इसका शिलान्यास कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आगजनी की घटना को देखते हुए बंजार के लिए अग्निशमन वाहन को मंजूरी दिलवाई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रामक बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार प्रतिभा सिंह को बंजार विधानसभा से नौ हजार से ज्यादा मतों की बढ़त प्राप्त हुई थी, इन चुनावों में यह बढ़त इससे ज्यादा बढ़ेगी।
