
भुंतर (कुल्लू)(भाग सिंह)पर्यटन सीजन शुरू होते ही भुंतर में जाम लगने से वाहन चालकों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। एनएच-21वे के साथ लगती तहसील के सामने वाहनों का जमघट लगने से मिनटों का सफर अब घंटों में पूरा हो रहा है। तहसील परिसर के साथ पार्किंग व्यवस्था न होने से लोग अपने वाहनों को सड़क पर ही पार्क करने को मजबूर हैं। जबकि, कुछ वाहन तहसील परिसर में ही पार्क किए जा रहे हैं। इसके चलते लोगों को चलना भी मुश्किल हो रहा है। जगह की कमी होने से समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। भुंतर तहसील में हर दिन सैकड़ों लोग अपने कामकाज को लेकर यहां पहुंचते हैं, लेकिन सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्राइवेट बसों सहित दर्जनों छोटे वाहन राष्ट्रीय राज मार्ग 21 पर ही पार्क होने से भुंतर की ट्रैफिक समस्या विकराल हो गई है। स्थानीय निवासी रमेश कुमार, हेमंत, मोहन, राम कुमार आदि का कहना है कि जब से तहसील खुली है, यहां हर रोज जमा लग रहा है। पार्किंग सुविधा के अभाव में लोग अपने वाहनों को सड़क पर ही पार्क कर रहे हैं। उन्होंने विभाग से मांग की है कि तहसील ऑफिस आने वाले लोगों के लिए पार्किंग सुविधा मुहैया करवाई जाए। उधर, डीएसपी संजय शर्मा का कहना है कि सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भुंतर में जाम की समस्या को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
