
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने आज कहा कि बाबरी मस्जिद को ढहाने की घटना को ‘विध्वंस का योजनाबद्ध कृत्य’ बताने वाले स्टिंग आपरेशन पर भाजपा को राष्ट्र को इसका जवाब देना चाहिए।
‘आप’ नेता आशुतोष ने स्टिंग आपरेशन के समय पर सवाल उठाने पर भाजपा की निंदा की और कहा कि मुख्य मुद्दा यह है कि क्या बाबरी मस्जिद ‘‘जान-बूझ कर ढहाई गई थी या नहीं।’’ ‘आप’ नेता ने यहां एक रोडशो के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘भाजपा स्टिंग के समय पर क्यों सवाल कर रही है? क्या सिर्फ इस वजह से कि सच्चाई उजागर हो गई है? वे इसे ‘कांग्रेस प्रयोजित’ कह सकती है लेकिन उन्हें जवाब देना होगा।’’
आशुतोष ने कहा, ‘‘सवाल यह नहीं है कि स्टिंग का वक्त सही है या गलत है। सवाल यह है कि बाबरी मस्जिद जान-बूझ कर ढहाई गई थी या नहीं । भाजपा को इसका जवाब देना चाहिए।’’ ‘आप’ नेता ने कहा, ‘‘वे (भाजपा नेता) स्टिंग की सार-वस्तु पर सवाल नहीं कर रहे हैं, बल्कि सिर्फ उसके समय पर बातें कर रहे हैं।’
