अब बिटिया की शादी पर मिलेंगे 21 हजार

चंबा। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत गरीब परिवार से संबंध रखने वाली युवतियों की शादी पर अब 21 हजार रुपये मिलेंगे। इससे पहले इस योजना के तहत 11 हजार रुपये मिलते थे। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की राशि बढ़ा दी है। इससे गरीब परिवारों को लड़की की शादी करने में सहूलियत होगी।
महिला एवं बाल विकास परियोजना विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राम प्रकाश चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की राशि में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अब बेसहारा और अनाथ लड़कियों की शादी के लिए सरकार द्वारा 21 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। कहा कि जिला में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत वर्ष 2012-13 में 23 मामले स्वीकृत हुए हैं। इसमें से 18 के करीब गरीब परिवार से संबंध रखने वाली लड़कियों की शादी के लिए विभाग ने राशि जारी कर दी है। इसके अलावा तीन अन्य मामलों में 21 हजार रुपये के हिसाब से राशि जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह राशि नवंबर माह से बढ़ी है। उल्लेखनीय है कि अनाथ, बेसहारा और गरीब परिवार से संबंध रखने वाली लड़कियों की शादी के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 21 हजार रुपये की राशि दी जाती है। यह राशि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत दी जाती है।

Related posts