दो रुपये की कॉल पर तीन सौ रुपये खर्चा!

केलांग। दो रुपये की कॉल करने के लिए उपभोक्ता तीन सौ रुपये खर्च करने को मजबूर हैं। बीएसएनएल की ढुलमुल संचार सेवा के आगे अब लाहौल-स्पीति की जनता पस्त हो गई है। उदयपुर में मोबाइल और इंटरनेट सेवा ठप हो जाने से लोगों को टैक्सी के लिए तीन सौ खर्च कर यहां से 15 किलोमीटर दूर एक कॉल करने के लिए नीला ढांक पहुंचना पड़ रहा है। जबकि, करीब एक सप्ताह से बैंकों में आनलाइन ट्रांजिशन ठप पड़ा है। घाटी से बाहर अध्ययनरत अपने बच्चों को उनके अभिभावक फीस और हास्टल का खर्चा नहीं भेज पा रहे हैं। ऐसे में कुल्लू, धर्मशाला, चंडीगढ़ और दिल्ली में पढ़ रहे सैकड़ों छात्रों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, चुनावी मौसम में जिला प्रशासन को भी चुनाव आयोग से संपर्क साधने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावक दलीप, सुरेश, राजेश, राम सिंह, अमर नाथ, जगदीश ने बताया कि महज एक कॉल करने के लिए उन्हें करीब 15 किलोमीटर दूर टैक्सी करके नीला ढांक पहुंचना पड़ रहा है। टैक्सी चालक इसके लिए तीन सौ रुपये प्रति सवारी वसूल रहे हैं। राजीव और जगदीश ने बताया कि उनके बच्चे चंडीगढ़ के एक इंजीनियरिंग कालेज में अध्ययनरत हैं। बच्चों की फीस और हास्टल खर्चे के लिए उन्हें आललाइन बैंकिंग के जरिये पैसे भेजने हैं। लेकिन, दूरसंचार सेवा ठप होने से वे परेशान हैं। उदयपुर के अलावा चंद्राघाटी के सिस्सू और कोकसर में भी टेलीफोन सेवा बंद है। उधर, भारत संचार निगम कंपनी के सीजेएम प्रदीप का कहना है कि इस संबंध में कुल्लू सर्किल के प्रबंधन से रिपोर्ट तलब की जाएगी। प्रदीप ने कहा कि अगर इस में विभाग के किसी कर्मचारी की तरफ से लापरवाही सामने आती है तो उनके के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related posts