
बैजनाथ (कांगड़ा)। जिले की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल के लोगों ने मतदान केंद्र को बीड़ में स्थानांतरित करने के चुनाव आयोग के निर्णय का विरोध किया है। गांववासियों ने बीड़ में बैठक करके सहायक चुनाव आयुक्त एवं एसडीएम ऋग्वेद ठाकुर को बड़ा भंगाल में मतदाताओं के लिए बूथ स्थापित करने को लेकर ज्ञापन सौंपा।
गांववासियों पवना कुमारी, हरि सिंह, चंदिया राम, मंगली देवी, चमारु राम, गीता देवी, सुनीता देवी, नारायण सिंह, कमलेश ठाकुर, मोहरी देवी, राजकुमार, राधा देवी, धोगरू, चतरू, मधु, पतासो देवी, चुडू राम, रूप चंद, परस राम, रोशन लाल, किशोरी लाल, चंपा ठाकुर, रोहित लायक राम, प्रोमिला समेत करीब 6 दर्जन लोगों ने ज्ञापन में कहा है कि चुनाव आयोग ने बड़ा भंगाल में 2007 में पोलिंग बूूथ की स्थापना की थी, लेकिन इस मर्तबा पंचायत के प्रस्ताव पर बड़ा भंगाल के पोलिंग बूथ को बीड़ के लिए स्थानांतरित कर दिया गया है।
इनका कहना है कि इससे बड़ा भंगाल में रह रहे मतदाता मत के अधिकार से वंचित रह जाएंगे। गांववासियों ने निर्वाचन आयोग से बड़ा भंगाल के मतदान केंद्र को यथावत रखने और मतदान के समय जो मतदाता बीड़ में हों, उनके लिए बीड़ में मत के प्रयोग को सुनिश्चित करने और समस्त मतदाताओं की एक ही सूची बनाने का आग्रह किया है। पोलिंग बूथ बड़ा भंगाल में स्थापित न होने पर चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
65 किमी. दूर है बीड़
बड़ा भंगाल बीड़ से 65 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और तीन दिन का पैदल सफर तय करके बड़ा भंगाल पहुंचा जा सकता है। रास्ते को तय करने के लिए बर्फ से ढके 10 हजार फुट ऊंचे थमसर जोत को पार करना पड़ता है और मई माह के उत्तरार्ध में ही इस जोत को पार किया जा सकता है।
