
नूरपुर (कांगड़ा)। आदर्श चुनाव आचार संहिता को सख्ती से लागू करने के लिए शनिवार को एसडीएम कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता एसडीएम नूरपुर अश्वनी सूद ने की। इसमें डीएसपी नूरपुर मनोज जोशी सहित नूरपुर, जसूर और डमटाल व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एसडीएम अश्वनी सूद ने कहा कि उपमंडल नूरपुर के तहत नूरपुर और इंदौरा विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता को सख्ती से लागू किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि कोई भी व्यापारी 50 हजार रुपये से अधिक की धनराशि वैध दस्तावेजों के साथ ही अपने वाहन में लेकर जा सकते हैं। यदि किसी विशेष नाके के दौरान किसी भी व्यक्ति की गाड़ी से 50 हजार रुपये से ज्यादा नकदी बरामद होती है तथा उस व्यक्ति के पास वैध दस्तावेज न पाया गया तो राशि को जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से नूरपुुर उपमंडल में आदर्श चुनाव आचार संहिता को लागू करने के लिए प्रशासन से सहयोग करने की अपील की। मीटिंग में नूरपुर व्यापार मंडल प्रधान अश्वनी सूरी, जसूर और डमटाल व्यापार मंडल के प्रतिनिधि लाला पुरुषोत्तम दास और राजीव महाजन, राजकुमार गुप्ता, अनुराग महाजन तथा कपिलेश्वर मौजूद रहे।
