वेतन न मिलने पर भड़की वर्कर्स यूनियन

कुल्लू।(भाग सिंह)पार्वती चरण-2 की पटेल वर्कर्स यूनियन ने शनिवार को गेट मीटिंग का आयोजन किया। यूनियन अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि पटेल कंपनी में कार्यरत मजदूरों को तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे मजदूरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस को लेकर कंपनी प्रबंधन को काई बार अवगत करवाया गया, लेकिन कंपनी पैसा नहीं होने का बहाना कर मजदूरों के साथ खिलवाड़ कर रही है। इतना ही नहीं, यूनियन ने इस संबंध में एनएचपीसी को भी पत्र के माध्यम से सूचित किया, बावजूद इसके कंपनी ने मजदूरों की इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया। मजदूरों के ईपीएफ को भी जमा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी श्रम कानूनों का उल्लंघन कर रही है। यूनियन सचिव केसर ठाकुर ने कहा कि मजदूरों के साथ हो रहा अन्याय यूनियन किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी के खिलाफ आंदोलन के सिवा कोई दूसरा चारा नहीं है। ऐसे में अगर कंपनी मजदूरों के तीन माह के वेतन को नहीं देती है तो यूनियन सभी मजदूरों के साथ एनएचपीसी कार्यालय के बाहर धरना देगी। उधर, सीटू की जिला कमेटी ने भी कंपनी को चेताया है कि मजदूरों का वेतन भुगतान जल्द नहीं हुआ तो पार्वती-2 और चरण-3 का कार्य ठप कर दिया जाएगा।

Related posts