
ऊना/मैहतपुर। क्षेत्र के टकारला एवं मैहतपुर में पेश आए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे घायलावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने मामलों के संदर्भ में केस दर्ज कर जांच शुरू की दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर शाम धंदड़ी निवासी हरिकृष्ण साइकिल पर सवार होकर जा रहा था कि इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल को जोरदार टक्कर दे मारी। इससे साइकिल सवार की मौके ही मौत हो गई। पुलिस ने मौका ए वारदात पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना भेज दिया है। उधर मैहतपुर में शनिवार दोपहर एक ट्रक और स्कूटर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटर सवार विवेक सांभर निवासी मैहतपुर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। युवक की एक टांग में फ्रेक्चर बताया जा रहा है। चिकित्सकों ने युवक की नाजुक हालत के चलते उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया।
उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामलों के संदर्भ में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
