
मंडी। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से अगर भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल में से कोई एक चुनाव मैदान में होता तो मुकाबला और रोचक होता। वे यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस, सरकार के एक साल के कार्यकाल और केंद्र की यूपीए सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के बीच है। मंडी संसदीय क्षेत्र में भाजपा के हाथ खड़े हो गए थे। उन्हें उम्मीदवार ही नहीं मिल रहा था। कभी मोदी का नाम लेते तो कभी प्रेम कुमार धूमल का नाम लिया जा रहा था। इन दोनों में से किसी एक से मुकाबला होता तो पता चलता कि मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति कितनी मजबूत है।
प्रदेश की वीरभद्र सरकार की ओर से एक साल के कार्यकाल के दौरान जितने विकास कार्य किए हैं उतने धूमल सरकार अपने दस साल के कार्यकाल में भी नहीं कर पाई है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह अनुभवी और सशक्त प्रत्याशी हैं। इस बार उनकी जीत का अंतर उपचुनाव से कहीं अधिक होगा। पूर्ण चंद ने कहा कि भाजपा मुद्दा विहीन है। सांसद के रूप में प्रतिभा सिंह ने मंडी जिले के नौ विस क्षेत्रों की हर पंचायत में वोट मांगे और जनता का आभार जताया। भाजपा बताए कि उनका सांसद कितनी बार जनता के बीच पहुंचा। सांसद निधि के माध्यम से जितनी घोषणाएं की गईं, उनका पैसा संबंधित विभागों तक पहुंच गया है। रोहतांग टनल, ईएसआई मेडिकल कॉलेज, आईआईटी कमांद और फोरलेन जैसे विकास कार्य इस बार कांग्रेस के चुनावी मुद्दे होंगे। वीरभद्र सिंह की सरकार के एक साल के कार्यकाल के दम पर जनता के बीच वोट मांगेंगे। इस मौके पर पुष्पराज शर्मा, लाभ सिंह, उपेंद्र शर्मा, यशकांत आदि मौजूद थे।
