आठ घंटे बाद खुला मनाली-सोलंगनाला मार्ग

पलचान (कुल्लू)। मनाली-सोलंगनाला को जोड़ने वाला मार्ग आठ घंटे बाद आवाजाही के लिए बहाल हो गया है। बीआरओ ने बारिश के बीच मार्ग को कड़ी मशक्कत के बाद खोला है। नेहरू कुंड के पास एक विशालकाय चट्टान आने से बंद हुआ मनाली-सोलंगनाला मार्ग से सोलंगनाला घूमने गए सैलानियों को घंटों परेशान होना पड़ा है। वीरवार दोपहर बाद से यहां फंसी सैलानियों की करीब एक दर्जन बसें रात आठ बजे के बाद ही मनाली की ओर रवाना हो सकी हैं। ऐसे में बारिश के साथ कड़ाके की ठंड में सैलानियोें को नेहरू कुंड के पास घंटों रोड खुलने का इंतजार करना पड़ा। स्थानीय निवासी देव राज, राम कुमार, हरीश, पर्यटक संदीप पटेल, आशा पटेल तथा पंजाब के सुरेंद्र तथा उनके दोस्तों ने बताया कि वे सोलंगनाला घूमने के बाद अपनी बस में मनाली वापस लौट रहे थे तो नेहरू कुंड के पास एक चट्टान आने से मार्ग बंद हो गया। इससे उन्हें रात आठ बजे तक रोड खुलने का इंतजार करना पड़ा। सीमा सड़क संगठन के कमांडर योगेश नायर ने बताया कि मार्ग को वीरवार रात करीब आठ बजे सड़क पर पड़े मलबे तथा पत्थर को हटाकर यातायात के लिए बहाल कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि बीआरओ के जवानों ने बारिश के बीच मार्ग को खोला है।

Related posts