
खराहल (कुल्लू)। जिला मुख्यालय के साथ लगती खराहल घाटी की नयेउली पंचायत में जमीन विवाद को लेकर दो गुट भिड़ गए। मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल की हालात काफी गंभीर बनी हुई है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह ग्राम पंचायत नयेउली के कोषनाला गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर गांव के ही करीब आधा दर्जन लोगों ने मिलकर हमला बोल दिया। मारपीट में घायल व्यक्ति की पहचान कोषनाला के ही रहने वाले अमर चंद के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति के सिर और बाजू में चोटें आई हैं। सूत्रों के अनुसार अमर चंद पर किसी तेजधार हथियार और पत्थरों से हमला किया गया है। इससे अभी तक अमर चंद बेहोशी की हालत में है। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने कहा कि घायल का इलाज कुल्लू अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि घायल की हालात काफी नाजुक है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, पंचायत उपप्रधान विशाल महंत ने भी जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट होने की पुष्टि की है।
