
धर्मशाला (आत्मा राम)जमा एक के पेपर आउट मामले का खुलासा करने के बाद जमा एक के फिजिक्स और आईपी के पेपर रद्द हुए हैं। आनन-फानन में पेपर दोबारा करवाने का निर्णय हुआ और तिथियां 28 मार्च तथा दो अप्रैल रख दी गईं। साथ ही परीक्षा परिणाम पांच अप्रैल को निकालने का निर्णय हुआ। हालांकि, पहले रिजल्ट 31 मार्च को निकलना था, लेकिन पेपर आउट होने के चलते परिणाम लेट करना पड़ा। अध्यापकों के लिए पेंच फंस गया है कि 28 मार्च से जमा दो की बोर्ड परीक्षाओं का स्पॉट मूल्यांकन का कार्य शुरू हो जाएगा और प्रवक्ताओं की जमा दो की परीक्षाओं में पेपर मूल्यांकन के लिए ड्यूटी लग गई है, ऐसे में जब वह डयूटी पर होंगे तो जमा एक का परीक्षा परिणाम कौन बनाएगा। 31 को फिजिक्स और दो अप्रैल को आईपी का पेपर है। पांच अप्रैल को परीक्षा परिणाम घोषित करने का दबाव बन गया है। ऐसे में स्कूल प्रवक्ताओं में असमंजस बना हुआ है।
प्रवक्ताओं का कहना है कि या तो बोर्ड स्पॉट मूल्यांकन का कार्य पांच अप्रैल के बाद करवाए या ड्यूटी के दौरान बीच में उन्हें रिलीव करने के निर्देश बोर्ड की ओर से स्कूलों में नियुक्त इंचार्जों को दिए जाएं, ताकि वह जमा एक का रिजल्ट भी बना सकें। स्कूल प्रवक्ताओं का आरोप है कि बोर्ड और शिक्षा विभाग इसके बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहे हैं। उनको स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि कार्य सही हो सके। स्कूल प्रवक्ता संघ के जिला कांगड़ा के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश भाटिया और मुख्य संरक्षक कल्याण भंडारी कहते हैं कि इस संबंध में शिक्षा विभाग और बोर्ड जल्द स्थिति स्पष्ट करे।
