
बंजार (कुल्लू)(भाग सिंह)चुनावी दौर शुरू होते ही क्षेत्रवासियों ने नेताओं की ओर से किए गए वायदों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में जिला के उपमंडल बंजार की जनता ने भी हर बार के चुनाव की तरह इस बार भी बंजार में लोक निर्माण विभाग के मंडलीय कार्यालय खोलने का मुद्दा जोरशोर से उठाया है। हालांकि, बंजार में मंडलीय कार्यालय खोलने का मुद्दा काफी पुराना है। लेकिन, चुनाव के समय हर पार्टी के नेता वायदे तो कर जाते हैं, लेकिन बाद में इन वायदों को भूल जाते हैं। स्थानीय निवासी मेघ सिंह, नीरत सिंह, मोहन लाल, जोगिंद्र सिंह, ललित, किशन सिंह, रघुवीर सिंह आदि का कहना है कि अभी बंजार क्षेत्र का मंडलीय कार्यालय कुल्लू में है और इलाके के लोगों को हर कार्य के लिए 60 किलोमीटर का सफर तय कर कुल्लू जाना पड़ता है। इन लोगों ने कहा कि लोनिवि का कार्यालय जिला मुख्यालय में होने से बंजार विस क्षेत्र की सड़कों का विस्तार भी उतना नहीं हो पा रहा है, जितना होना चाहिए था। लोगों का कहना है कि दोनों दलों को मंडलीय कार्यालय खोलने पर अपना रुख साफ करना चाहिए। बंजार भाजपा अध्यक्ष चुनी लाल ठाकुर का कहना है कि भाजपा ने अपने कार्यकाल के समय लारजी में नया सब डिवीजन खोलकर बंजार में मंडलीय कार्यालय खोलने के लिए कदम बढ़ाया था। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए भाजपा बंजार में मंडलीय कार्यालय खोलेगी। उधर, स्थानीय विधायक के पीआरओ टीसी महंत का कहना है कि विधायक कर्ण सिंह के प्रयास से ही कुल्लू से अधिशाषी अभियंता सप्ताह में दो दिन बंजार सब डिवीजन कार्यालय में बैठकर यहां के कार्य निपटाते हैं तथा आने वाले समय में बंजार में लोनिवि मंडलीय कार्यालय खोला जाएगा।
