
बडूही: स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत चौकीखास पहुंच कर पंचायत का मुआयना किया। टीम ने इस गांव में पीडि़त के परिजनों के स्वास्थ्य की जांच की और दवाइयां वितरित करके इसके लक्षणों व दवा संबंधी जरूरी जानकारी दी। गौरतलब है कि चौकीखास में स्वाइन फ्लू फैलने की खबर को पंजाब केसरी ने प्रमुखता से उठाया था जिसका संज्ञान लेते हुए विभाग की टीम यहां महामारी की रोकथाम व इससे प्रभावित लोगों के लिए चौकीखास पहुंची थी। इसके तहत पीडि़त के परिजनों एवं आसपास के लोगों को पंचायत नुमाइंदों की मौजूदगी में दवाइयां वितरित की गईं।
कुछेक की नहीं की जांच
एक तरफ जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम दवाइयों के नाम पर अपने कर्तव्य की इतिश्री करके चली गई, वहीं गांव के 2 दर्जन व्यक्ति जो इन्हीं लक्षणों से पीडि़त हैं, उन तक न पहुंचना एक अलग पहलू बयां कर रहा है। पीडि़त की मां ने बताया कि उसके घर के बिल्कुल साथ उसकी देवरानी की न तो जांच की गई और न ही दवाइयां दी गईं। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि इस मामले में सभी पीडि़तों की जांच व उनको दवाइयां दी जाएं। विभाग की जांच टीम ने बडूही स्थित निजी अस्पताल के स्टाफ को भी दवाइयां जांच के उपरांत वितरित कीं।
दवा की कमी नहीं है। यदि और लोगों को जांच व दवाई की आवश्यकता है तो विभाग द्वारा मुहैया करवाई जाएंगी। कल एक टीम के साथ चौकीखास जाएंगे और जिसे भी चिकित्सीय सहायता या परामर्श की जरूरत होगी तो उपलब्ध करवाया जाएगा।
डा. जेआर कौशल, सीएमओ ऊना
