
आनी/दलाश (कुल्लू) (रोहित)मंडी लोस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी एवं सांसद प्रतिभा सिंह का लोगों ने आनी दौरे के दुसरे दिन पुराने रीति रिवाजों से स्वागत किया। आनी के दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने दस जनसभाएं की। वीरवार को उन्होंने खंड की दुर्गम पंचायत बुच्छैर के लढ़ागी, च्वाई, दलाश, कुठेड़ और नित्थर में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्हाेंने कहा कि आउटर सिराज का विकास कांग्रेस सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि आनी, लूहरी औट को उच्च मार्ग का दर्जा मिलने से क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि आनी कॉलेज, आईटीआई निरमंड, निरमंड स्टेडियम और पांच वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, दो मिडल और दो प्राईमरी स्कूल क्षेत्र में खोले गए हैं। इसके अलावा आनी के कुंगश और लगौटी को पीएचसी देकर जनता को लाभ पहुंचाया है। क्षेत्र की सड़कों सहित तमाम समस्याओं में सुधार किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने पहले भी क्षेत्र का विकास किया है और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठा प्रचार कर जनता को गुमराह करने में लगी है। कांग्रेस विकास पर विश्वास करती है और विकास के नाम पर ही वोट मांगती है।
इस अवसर विधायक खूबराम आनंद, कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उत्तम ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस सचिव रामकृष्ण वर्मा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता ठाकुर, एचपीएमसी अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा, कुलबंत कश्यप, अतुल शर्मा, जिप सदस्य चांद ठाकुर, जयचंद चौहान, शेर सिंह ठाकुर, घनश्याम ठाकुर, दिलसुख ठाकुर, सतपाल ठाकुर, संतोष ठाकुर, नीरज गुप्ता, महेंद्र कायथ, चमनमून, रमेश सिंघा, विजय बोध, ओम प्रकाश, मनोहर लाल चौहान, गुलाब सिंह, जंगी लाल, राजकुमार कंवर, चंद्र मोहन सूद, हंस राज, जिया लाल, शादी लाल, बंसी लाल सहित विभिन्न पंचायताें के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय जनता ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
