ऑपरेटरों को दो दिन का अल्टीमेटम

मलोखर (बिलासपुर)। जेपी सीमेंट कंपनी बागा में सीमेंट ढुलाई के कार्य में लगे बिलासपुर और सोलन जिला के लगभग 3000 ट्रकों को पार्क करने का संकट खड़ा हो गया है। बिलासपुर के तहत खारसी चौक से शालूघाट तक सड़क किनारे अब ट्रक खडे़ नहीं होंगे। ट्रैफिक जाम की वजह से पुलिस ने दो टूक कहा है कि सड़क किनारे ट्रक खड़े किए तो चालान काटेंगे।
जेपी कंपनी में बिलासपुर की एक और सोलन की दो ट्रक ऑपरेटर सोसाइटियां सीमेंट ढुलाई के कार्य में लगी है। लगभग 3000 की संख्या वाली तीनों सोसाइटियों के लिए ट्रक पार्किंग का कंपनी ने प्रबंध नहीं किया है। जुखाला में जगह दी गई थी, लेकिन प्लांट से दूर होने के कारण यहां ऑपरेटर ट्रक खडे़ नहीं करते। सीमेंट ढुलाई का नंबर ट्रक को दस-दस दिन बाद लगता है। ऐसे में इतने दिन यह ट्रक खारसीचौक से शालूघाट तक के दायरे में सड़क किनारे ही खडे़ किए जाते हैं। आम यात्रियों, स्कूल कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं और मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने ट्रकों को यहां खड़ा नहीं करने बारे ट्रक ऑपरेटरों को अल्टीमेटम दे दिया है। ट्रक ऑपरेटर प्रकाश चंद, प्रेम लाल, बबलू, नरेंद्र, देवेंद्र, हीरा लाल, मेहर चंद, पिंकू, जगदीश ने कहा कि यह उचित नहीं है। ट्रक खड़ा करने के लिए जगह नहीं होने के कारण सड़क किनारे ट्रक खडे़ करना उनकी मजबूरी है। कंपनी को कदम उठाने चाहिए। चौकी प्रभारी खारसी जगपाल सिंह ने कहा कि दो दिन में ट्रक ऑपरेटरों को पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। सड़क किनारे ट्रक खडे़ किए तो उनके चालान काटे जाएंगे।

इनसेट के लिए—-
1. पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क किनारे ट्रक पार्क करना ऑपरेटरों की मजबूरी है। इसके लिए जेपी कंपनी प्रबंधन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। अन्यथा ऑपरेटरों को दिक्कतों का सामना करना पडे़गा। …बुद्धि सिंह, प्रधान जेपी प्रभावित एवं विस्थापित परिवहन सहकारी सभा।

2. कंपनी ने ट्रक पार्किंग की व्यवस्था जुखाला में की थी। प्लांट से दूर होने के कारण ऑपरेटरों ने इसे नहीं लिया। अब प्लांट के नजदीक बडे़तर में जगह देखी गई है। यहां पार्किंग की व्यवस्था के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। जल्द समस्या को समाधान हो जाएगा। ….जे शेरू, प्रबंधक जेपी कंपनी।

Related posts