आधी रात को किए थे पेपर आउट

बैजनाथ (कांगड़ा)। जमा एक पेपर आउट मामले में मंगलवार पूरा दिन पूछताछ के दौरान छात्रों ने क्या उगला, पुलिस इसका पटाक्षेप करने से गुरेज कर रही है। लेकिन, सूत्रों की मानें तो स्कूल प्रिंसिपल के बेटे ने बयान में कहा है कि उसे अन्य छात्रों ने डराया और धमकाया। उसने डर के मारे पेपर आउट करने में उनकी मदद की। अब तक की पुलिस जांच में आठ विद्यार्थियों के नाम सामने आए हैं। सात छात्रों से पुलिस ने मामले के संबंध में पूछताछ की है, जबकि एक विद्यार्थी पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुआ है। इन आठ में से आधे से अधिक छात्र जेवीएस स्कूल के हैं, जबकि कुछ छात्र अन्य निजी स्कूलों के बताए जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो निजी स्कूल के इन छात्रों ने 11 मार्च की आधी रात करीब 2 बजे घटना को अंजाम देते हुए प्रिंसिपल के कमरे में मौजूद अलमारी से जमा एक के पेपरों को चुराया। बाद में पेपर फोटोस्टेट करवाकर मंडी जिला के जोगिंद्रनगर के चौंतड़ा और लड़भडोल में बेचे गए। छात्रों की ओर से यह सिलसिला पिछले दो तीन वर्षों से चलाया जा रहा था, लेकिन इस मर्तबा अधिक संख्या में विद्यार्थियों तक प्रश्नपत्र पहुंचने पर मामले का पर्दाफाश हो गया। ये छात्र इसी स्कूल से प्रश्नपत्र उड़ाने के चक्कर में नहीं थे, बल्कि इनकी योजना में अन्य कुछ स्कूल भी थे। सुरक्षा प्रबंधों के कारण ये अन्य स्कूलों में घटना को अंजाम नहीं दे सके। अब यह बात सामने आ रही है कि स्कूल की अलमारी से पेपर गायब होने पर इसकी खबर पुलिस में क्यों नहीं की गई। इसमें पूरी तरह से स्कूल प्रशासन की लापरवाही भी सामने आ रही है। डीएसपी पुनीत रघु ने बताया कि पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

दूसरे दिन 15 लोगों से पूछताछ
7 छात्र, छह शिक्षक, प्रिंसिपल और चेयरमैन तलब
बैजनाथ (कांगड़ा)। जमा एक के पेपर आउट मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस थाने में विद्यार्थियों, अध्यापकों, प्रिंसिपल और स्कूल चेयरमैन समेत 15 लोगों से पूछताछ की गई। मंगलवार को पुलिस ने जस्टिफाइड वेल्यूएवल श्योरिटी (जेवीएस) स्कूल महाकाल के चेयरमैन विजय, महिला प्रिंसिपल प्रवेश, छह अध्यापकों और सात छात्रों से सवाल जवाब किए। सात छात्रों में दो क्षेत्र के अन्य निजी स्कूलों से तलब किए गए थे। इनमें से जेवीएस के तीन छात्रों से सोमवार को दोबारा पूरा दिन पूछताछ की गई थी। इनमें महिला प्रिंसिपल का बेटा भी शामिल था। हालांकि, एक आरोपी छात्र दूसरे दिन भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया। 15 लोगों से पूछताछ सुबह दस बजे शुरू हुई जो देर शाम तक जारी रही। हालांकि, देर शाम तक पेपर आउट मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। डीएसपी पुनीत रघु ने मामले में शामिल आठ में से सात छात्रों से पूछताछ कर उनकी संलिप्तता के संबंध में तथ्य जुटाए। थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने छात्रों के साथ स्कूल का दौरा कर तथ्य जुटाए। पुलिस जल्दबाजी में कोई भी कदम उठाने से गुरेज कर रही है। गौरतलब है कि शिक्षा उपनिदेशक ने एफआईआर जेवीएस स्कूल के चेयरमैन और महिला प्रिंसिपल पर दर्ज करवाई है।

Related posts