
कुल्लू। हिलोपा से आनी विधानसभा क्षेत्र से विस चुनाव लड़ने वाले नंद लाल भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। मंगलवार को नंदलाल ने हिलोपा छोड़कर जयराम ठाकुर एवं रामस्वरूप शर्मा की अध्यक्षता में मंडी में एक सादे समारोह के दौरान भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। नंद लाल अपने समर्थकों निरमंड युवा सेना के राम लाल, युवा सेना अध्यक्ष निरमंड प्रेमपाल संजू, हिलोपा आनी मंडल के महामंत्री ज्ञान वर्मा सहित भाजपा में शामिल हुए हैं।
इस मौके पर नंद लाल ने कहा कि वह पिछले चुनावों में गलतफहमी के कारण हिलोपा में गए थे, लेकिन अब वह भाजपा की मजबूती के लिए काम करेंगे। भाजपा में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए लहर चल रही है और मंडी लोकसभा क्षेत्र की सीट भी भाजपा की झोली में होगी। नंद लाल हिलोपा के उन नेताओं में से थे जिनमें हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने के दौरान महेश्वर सिंह के बाद वोट लेने में दूसरा स्थान लिया है। नंद लाल के भाजपा में आने से भाजपा के राकेश जंबाल, शिशुभाई धर्मा, पायल वैद्य, जिला भाजपा अध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर, आनी के पूर्व विधायक किशोरी लाल, जिला मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला, वरिष्ठ भाजपा नेता गंगा राम चंदेल सहित जिला कुल्लू भाजपा के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया है और कहा है कि उनके भाजपा में आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
