
रोहड़ू डोडरा क्वार क्षेत्र के लोगों ने पिछले साल सड़क से बर्फ व मलबा हटाने के नाम पर खर्च की गई राशि के जांच की मांग की है। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि डोडरा क्वार सड़क से बर्फ हटाने के नाम पर लोनिवि ने सरकार के खजाने को चूना लगाया है। उन्होंने इसकी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से शिकायत करने का ऐलान भी किया है।
डोडरा क्वार क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि लोक निर्माण विभाग सड़क खोलने के लिए अस्सी लाख सही तरीके से खर्च करता तो लोगों को परेशानी नहीं होती। भारी राशि खर्च होने के बाद सड़क साल में केवल तीन महीने बसों के लिए खुली है। उन्होंने कहा सड़क पर खर्च हुए धन की जांच जरूरी है। डोडरा पंचायत के पूर्व प्रधान राजेश नंदियान, शंकर चौहान, जाखा पंचायत के पूर्व प्रधान नाजर कुमार, जिशकुन पंचायत के पूर्व प्रधान राजेश कुमार, क्वार पंचायत की प्रधान शिव देवी, जिशकुन पंचायत के प्रधान नरेंद्र सिंह व डोडरा पंचायत की प्रधान अर्चना देवी ने बताया कि डोडरा क्वार सड़क को पिछले साल बर्फ पिघलने के बाद खोला गया है। लोक निर्माण लोगों को जवाब दे कि हिमपात पिघलने के बाद सड़क से बर्फ हटाने के नाम पर तीस लाख रुपये की राशि को कहां खर्च किया गया है। उन्होंने कहा बरसात में भी सड़क को टिक्करी से डोडरा तक बहुत कम नुकसान हुआ। डोडरा व क्वार के बीच तीन चार दिन विभाग ने मशीनों से मलबा जरूर हटाया। चार दिन में बरसात के दौरान सड़क पर पचास लाख रुपये खर्च होना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से की जाएगी। उन्होंने मांग की है कि डोडरा क्वार सड़क खोलने के नाम पर खर्च अस्सी करोड़ की विजिलेंस जांच की जाए।
गौर हो कि आरटीआई कार्यकर्ता गोवर्धन चौहान को लोनिवि ने डोडरा क्वार सड़क से बर्फ हटाने के लिए तीस लाख व बरसात में मलबा हटाने के लिए पचास लाख रुपये खर्च होने की जानकारी दी है। खुलासा होने के बाद अब क्षेत्र के लोगों ने खर्च हुए धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
