पूर्वनी झूले के पास सड़क धंसना अभी भी जारी

सांगला (किन्नौर)(विशेश्वर नेगी)जिले के एनएच-5 पूर्वनी झूले के पास एनएच का धंसना अभी भी जारी है। वहीं लोगों का मानना है कि काशंग बिजली प्रोजेक्ट की सुरंग के निर्माण को लेकर की जा रही ब्लास्टिंग के कारण लगातार एनएच को नुकसान पहुंच रहा है। लगातार पहाड़ी से आ रही चट्टानों के कारण मंगलवार को भी मार्ग बहाल करने का काम शुरू नहीं हो पाया है।
हांगरंग संघर्ष समिति के अध्यक्ष शांता कुमार नेगी, उपाध्यक्ष रमेश नेगी, प्रवक्ता देव सिंह नेगी, प्रधान पूह सुशील साना, प्रधान लियो पानमा दोर्जे नेगी, सोनम नेगी, सुंदर सिंह नेगी, सांज्ञा दोर्जे नेगी, लाल सिंह नेगी व रामजगत नेगी सहित अन्य लोगों का कहना है कि जब से जिले में लगातार बिजली परियोजनाओं के निर्माण हो रहा है। तब से सड़कों को नुकसान हो रहा है। वहीं पिछले करीब एक वर्ष पूर्व से पूर्वनी झूले के आसपास लगातार चट्टानों का गिरना जारी है, जिससे सड़क को नुकसान हो रहा है। इधर, सड़क के बंद होने से दूसरे दिन भी पूह खंड की करीब 24 पंचायतों के अलावा काजा के सैकड़ों लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ा। वहीं चट्टानों के गिरने से इसकी चपेट में कोई भी आ सकता है। पिछले साल भी उक्त सड़क पर पांगी नाले के पास चट्टानों के आने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। पूह खंड के जन प्रतिनिधियों ने सरकार से जिले में बन रहे निजी पावर प्रोजेक्टों के निर्माण पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इधर, सीमा सड़क संगठन के कार्यवाहक ओसी ओविंग टाकी ने कहा कि मंगलवार को भी लगातार पहाड़ी से चट्टानों के आने का सिलसिला जारी रहा। इस कारण मार्ग को बहाल करने का काम शुरू नहीं हो सका।

Related posts