यातायात नियमों की अनदेखी, लोग परेशान

कुल्लू (भाग सिंह) जिले में यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इससे सड़क हादसे को न्यौता मिल रहा है। इस ओर न ही पुलिस प्रशासन और न ही निगम प्रबंधन का ध्यान है और न ही बस मालिकों को परवाह है। बसों में स्टीरियो, मोबाइल और तेज रफ्तारी पर सरकार के कड़े निर्देशानुसार भी प्रतिबंध नहीं लग रहा है।
जानकारी के अनुसार कुल्लू जिला में 193 निजी बसें हैं। सेवानिवृत्त सीएचटी जीत राम, नाथू राम, पवन कुमार, रमेश ठाकुर और लाल चंद के अनुसार बसों में सरेआम स्टीरियो बजते हैं। चालक गाड़ी ड्राइव करते हुए मोबाइल फोन सुनते हैं। बसों मेें प्रेशर हॉर्न और ज्यादा स्पीड का प्रयोग हो रहा है। निजी बसों में टिकट नहीं दिए जाते हैं। टिकट मांगने पर परिचालक लोगों से बदतमीजी भी करते हैं। इस संबंध में आरटीओ कुल्लू मीनू राम धीमान ने बताया कि विभाग यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों पर विभाग नकेल कसता रहता है। अगर आगे भी चालक – परिचालक नियमों की धज्जियां उड़ाते पाए गए तो उसे किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। अगर सवारियों को टिकट देने आरंभ नहीं किए गए तो बस मालिक से जवाब तलब किए जाएंगे। फरवरी माह में यातायात नियमों की अवलेहना पर 98 चालान काटे गए हैं। जिसमें 1 लाख 21 हजार 800 रुपये जुर्माना वसूला गया है। 88 चालान को बहाल कर दिया गया है,10 चालान पेंडिंग पड़े हुए हैं। आगे भी अभियान जारी है।

Related posts