
कुल्लू(भाग सिंह)सिविल पेंशनर्स एवं सोशल वेलफेयर एसोसिएशन कुल्लू मंडल की मासिक बैठक में पेशनरों ने प्रतिमाह 500 रुपये चिकित्सा भत्ते की मांग उठाई। बैठक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के कुल्लू मंडल प्रधान खेमराज शर्मा ने की। वहीं बैठक में पेंशनरों ने कई मुद्दों पर चर्चा की।
पेंशनरों के अनुसार अभी तक विभिन्न कार्यालयों में लंबित पड़े 4-9-14 बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ है। इसके अलावा मेडिकल बिलों के बजट का प्रावधान नहीं हुआ है। इससे पेंशनर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। पेंशनरों ने सरकार से जल्द से जल्द समस्या समाधान करने का आग्रह किया है। इसके अलावा पेंशनरों ने एलटीसी सुविधा, चिकित्सा भत्ता 500 रुपये प्रतिमाह और वर्ष 2006 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनरों को 1-4-2013 के बजाए 1-1-2006 से बढ़ी हुई पेंशन देने की मांग उठाई है।
संघ के महासचिव बिहारी लाल भारद्वाज ने कुल्लू मंडल के चुनाव 10 अप्रैल को करवाए जाएंगे। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सभी सरकारी संस्थानों में एक अलग पंक्ति का प्रावधान करने पर भी प्रस्ताव पारित किया गया। इस मौके पर जिला प्रधान प्रधान मोहर सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष केशव राम ठाकुर, भुंतर खंड के महासचिव अमर परमार, कोषाध्यक्ष हरीश कौशल, तीर्थ राम राणा, सोनम ज्ञामजो और डोकार ठाकुर सहित अन्य पेंशनरों ने भाग लिया है।
