
अंब (ऊना)। मैड़ी में बाबा बड़भाग सिंह मेले के सेक्टर एक में बने अस्थायी टेंट में रुक ी एक 46 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला के साथ मेले में आए अन्य लोगों ने उसे मेले में लगे चिकित्सा बूथ पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुलिस को इंतजार है।
मेला चिकित्सा अधिकारी डा. सुखविंद्र सिंह ने बताया कि सुबह करीब 7.50 बजे कुछ लोग महिला को लेकर आए थे। जांच करने पर महिला मृत पाई गई। उसे पोस्टर्माटम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया। उधर, डीएसपी अंब सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की पहचान संतोष पत्नी निहाल सिंह निवासी जालंधर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि महिला के साथ टेंट में ठहरे अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। डीएसपी ने कहा कि जो लोग महिला को बूथ लेकर आए थे, उन्होंने अपने बयानों में कहा है कि शाम को सोने के बाद महिला को सुबह उठाना चाहा तो वह बिस्तर से नहीं उठी। उसके बाद उसे चिकित्सा बूथ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
