कांग्रेस नेताओं का दिल्ली में डेरा

शिमला(वीरेन्द्र खागटा)हिमाचल कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कौल सिंह ठाकुर, जीएस बाली, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, विप्लव ठाकुर, प्रकाश चौधरी जैसे प्रदेश कांग्रेस के कई नेता दिल्ली में डट गए हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित अन्य नेता सोमवार को कई केंद्रीय नेताओं से मिले। दोनों पार्टी नेताओं ने दिल्ली में टिकटों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की।
हालांकि, इन नेताओं के विचार जानने के बावजूद सोमवार को भी प्रदेश कांग्रेस की चारों टिकटों पर निर्णय नहीं हो सका। यह माना जा रहा है कि पार्टी के टिकटों पर अब 12 मार्च तक ही फैसला संभव है। आलाकमान के बुलावे पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू दिल्ली गए हैं। अन्य नेता अपने-अपने चहेते प्रत्याशियों के पक्ष में लॉबिंग कर रहे हैं। ये दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस के दिग्गज नेताओं से मिलते रहे। सूत्रों की मानें तो वीरभद्र और सुक्खू ने सोमवार को जनार्दन द्विवेदी, अहमद पटेल, अंबिका सोनी जैसे केंद्रीय नेताओं से भेंट की है। कांग्रेस की हमीरपुर, शिमला सहित कांगड़ा लोकसभा सीट पर टिकटों को लेकर अभी तक स्थिति साफ नहीं है। पार्टी के अलग-अलग खेमे अपने चहेते उम्मीदवारों को टिकट दिलाने की जुगत में जुटे हुए हैं। दिल्ली बात करने पर प्रदेश कांग्रेेस के एक नेता ने कहा कि एक-दो दिन में टिकटों पर निर्णय संभव है। यह फैसला बुधवार तक भी हो सकता है।

हिमाचल भवन में बैठकों पर नजर
सोमवार को ऐसी सूचनाएं भी मिली हैं कि दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में रुके हुए कैबिनेट मंत्री अफसरों और अन्य लोगाें के साथ बैठकें कर रहे हैं। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत नहीं है। चुनाव आचार संहिता के दौरान सरकारी विश्राम गृह का इस तरह इस्तेमाल नहीं हो सकता। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भी हिमाचल भवन के दुरुपयोग की शिकायतें मिली थीं।

Related posts