एसएमएस बताएगा, कहां है पोलिंग बूथ

शिमला(वीरेन्द्र खागटा) चुनाव नजदीक है, आप वोट डालने का मन बनाकर बैठे हैं, लेकिन आपको यह नहीं पता कि किस पोलिंग बूथ पर आपको वोट डालना है तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं। आप सिर्फ एक एसएमएस भेजकर यह पता लगा सकते हैं कि आपका पोलिंग बूथ कौन सा है। अकसर लोगों को यह पता नहीं होता कि उन्हें किस पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डालना है। ऐसे में चुनाव वाले दिन कई लोगों को यहां-वहां भटकना पड़ता है और इसमें उनका काफी समय बर्बाद हो जाता है। इसी समस्या के निदान के लिए हिमाचल चुनाव आयोग ने एक एसएमएस सर्विस शुरू की है। इसके जरिये लोग अपने पोलिंग सेंटर या पोलिंग बूथ की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी मतदाता अपने पोलिंग स्टेशन और मतदाता सूची की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट www.ceohimachal.nic.in देखनी होगी।


पहचान पत्र पर मिलेगा ईपीआईसी नंबर
अपनी मतदाता सूची के बारे में जानकारी लेने के लिए आपको सिर्फ अपने मोबाइल के मैसेज बॉक्स में जाकर एचपी के बाद स्पेस देकर ईपीआईसी नंबर लिखना होगा। मैसेज को 51969 नंबर पर भेजना होगा। ईपीआईसी नंबर फोटो मतदाता पहचान पत्र पर लिखा होता है।

कुछ ही देर में आएगा मैसेज
जानकारी भेजने के कुछ देर बाद आपको एक मैसेज आएगा। इसमें आपका नाम, आपके विधानसभा क्षेत्र का नाम और नंबर, पार्ट नंबर, सीरियल नंबर और पोलिंग स्टेशन की लोकेशन का एड्रेस लिखा होगा।

मतदान के दिन काम आएगा मैसेज
जब आप वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर जाएंगे, तब भी पार्ट नंबर और सीरियल नंबर आपके काफी काम आएगा। इस जानकारी से पोलिंग सेंटर पर बैठे अधिकारियों को वोटरों की लिस्ट में से आपका नाम और सीरियल नंबर ढूंढने में आसानी होगी और वोट डालने में आपको ज्यादा वक्त नहीं लगेगा।

Related posts