
नयनादेवी (बिलासपुर)। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार की जननी है। केंद्र की यूपीए सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं।
सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव भटेड़, खुलवीं, ग्वालथाई का दौरा किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी केंद्र सरकार की देन है। सरकार जनविरोधी निर्णय लेकर जनता को गुमराह कर रही है। प्रदेश सरकार ने नयनादेवी क्षेत्र के तहत आनंदपुर रोप-वे प्रोजेक्ट रद्द कर दिया। इससे क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से पिछड़ने के साथ साथ स्थानीय लोगों के रोजगार के अवसर छिन गए। नयनादेवी क्षेत्र सेंक्चुरी एरिया से डिनोटिफाइड होने के एक वर्ष बाद भी सरकार इसकी अधिसूचना जारी नहीं की। सरकार ने नयनादेवी क्षेत्र में टीसीपी कानून लागू कर दिया है। औद्योगिक पैकेज अवधि कम होने के कारण क्षेत्र से कई उद्योग पलायन कर गए हैं। स्थानीय लोग भी बेरोजगार हो गए। इस दौरान नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार क्षेत्र की अनदेखी कर रही है। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू किए गए विकास कार्यों को बंद कर दिया गया है। इस दौरान प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष शर्मा, भाजयुमो अध्यक्ष बृजलाल ठाकुर, गंगाराम, जिला परिषद सदस्य मनमोहन सिंह, तरसूह पंचायत प्रधान इंदिरा देवी, उपप्रधान अब्दुल करीम, टोबा प्रधान बलवीर, रोड़ जामण पंचायत लक्ष्मण दास, बीडीसी सदस्य रूपलाल भट्टी, नगर परिषद नयनादेवी अध्यक्ष मुनीष कुमार, अशोक कुमार, प्रकाश ठाकुर, जयमल ठाकुर, बृजेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
