यहां छूटेंगे प्रत्याशियों के पसीने

केलांग (लाहौल स्पीति)। मंडी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को खूबपसीना बहाना होगा। क्षेत्रफल के लिहाज से देश में लद्दाख पहला और मंडी सीट छठा सबसे बड़ा लोकसभा क्षेत्र है। जबकि इसके तहत प्रदेश के तीनों जनजातीय विधानसभा हलके लाहौल स्पीति, किन्नौर और भरमौर शामिल हैं। बर्फ बारी के कारण लाहौल-स्पीति के साथ ही भरमौर के पांगी-किलाड़ का सड़क संपर्क देश के अन्य हिस्सों से कटा हुआ है। बताया जा रहा है कि रोहतांग दर्रा को बहाल होने में अभी एक माह का और समय लग सकता है। ऐसे में क्या दोनों दलों के प्रत्याशी तीनों जनजातीय हलकों का चुनावी दौरा भी पूरा कर पाएंगे, इसमें संशय बना हुआ है। वोटों के लिए तय समय अवधि के भीतर प्रत्याशियों को बर्फ के बीच करीब 350 किलोमीटर का क्षेत्र कवर करना किसी चुनौती से कम नहीं है। जबकि तीनों जनजातीय हलकों में एक लाख से अधिक वोटर हैं, जो किसी प्रत्याशी की हार-जीत में अहम रोल अदा कर सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस ने अधिकारिक तौर पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, लेकिन मंडी संसदीय क्षेत्र से मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह का चुनाव लड़ना तय है। वहीं, मंडी सीट पर प्रत्याशी को लेकर भाजपा ने अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं। उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह का कहना है कि एक-दो दिन में मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा अपना प्रत्याशी घोषित करने जा रही है।

Related posts