घरेलू हिंसा अधिनियम पर किया जागरूक

कुल्लू(भाग सिंह)जिला के अखाड़ा बाजार स्थित खादी ग्रामोद्योग में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), खादी ग्रामोद्योग तथा हिमाचल प्रदेश महिला कल्याण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। अध्यक्षता उपायुक्त राकेश कंवर ने की। नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक उर्मिल लता ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की मदद से समूह की ओर से बनाई गई वस्तुओं की बिक्री के लिए मई में नाबार्ड तथा खादी ग्रामोद्योग के संयुक्त तत्वावधान में बिक्री केंद्र शुरू किया जा रहा है। समूहों को कम किराये पर उत्पाद बेचने के लिए स्टाल उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस अवसर पर उपायुक्त ने महिलाओं से आग्रह किया है कि वे घर की चारदीवारी से बाहर निकल कर अपने उत्पादों को स्वयं बेच सकती हैं। बाल विकास विभाग के नरेश कौंडल ने समूहों को जनतांत्रिक तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। हिमाचल प्रदेश महिला कल्याण मंडल के परिवार परामर्श केंद्र निदेशिका मधुरवीणा ने महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत महिलाओं के अधिकारों की जानकारी दी। डीआरडीए एपीओ विमला ने भी महिलाओं से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम में सीडीपीओ निर्मला, केबीआईवी विवेक शर्मा, खादी एवं ग्रामोद्योग के प्रबंधक विवेक शर्मा, एलडीएम पंजाब नेशनल बैंक आरके वालिया सहित भारी संख्या में समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।

Related posts