ज्यादा राशि ले जाने पर दिखाने होंगे दस्तावेज

कुल्लू(भाग सिंह)जिला निर्वाचन अधिकारी कुल्लू राकेश कंवर ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए सहयोग दें। उन्होंने बताया कि लोक सभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद यदि कोई राजनीतिक दल या व्यक्ति अवैध तरीके से आम मतदाता को नकदी और शराब आदि बांट करके प्रलोभन देता है या अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ में धन राशि प्राप्त करने वाले पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए प्रत्येक पुलिस स्टेशन के अंतर्गत उड़नदस्ते गठित किए गए हैं। डीसी ने सभी लोगों से अपील की है कि अगर वे 50 हजार से अधिक नकद राशि ले जा रहे हैं तो उक्त धनराशि से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें अन्यथा यह राशि जब्त की जा सकती है।

13 मार्च को होगा प्रदर्शनी मैच
कुल्लू। प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू और कुंवर अभिषेक राज सिंह मेमोरियल आयोजन समिति के बीच 13 मार्च को प्रदर्शनी मैच खेला जाएगा। यह जानकारी प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू के अध्यक्ष धनेश गौतम ने दी। उन्होंने बताया कि 13 मार्च को इन दोनों टीमों के बीच भिड़ंत होगी। क्रिकेट मैच के अलावा सदस्यों को कराटे का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उधर, समिति सदस्य तारा सिंह नेगी ने बताया कि उनकी टीम की ओर से राजकुमार आदित्य विक्रम सिंह कैप्टन होंगे।

Related posts