
ऊना। क्षेत्र के रैंसरी में ट्रक की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतक देर शाम अपने कार्य क्षेत्र से वापस घर जा रहा था। जानकारी के अनुसार सोहन लाल निवासी बसाल सोमवार देर शाम घर जा रहा था कि रैंसरी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने साइकिल को अपनी चपेट ले लिया। इससे ट्रक के कंडक्टर साइड का टायर सोहन के ऊपर चढ़ गया। वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से फौरन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया। चिकित्सकों ने उसे मृतघोषित कर दिया। उधर एसएचओ केएल बैरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
