
दलाश (कुल्लू )। भाजपा मंडल दलाश की सोमवार को अध्यक्ष अमर ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आगामी लोक सभा चुनावों को लेकर सदस्यों को चुनावी टिप्स दिए गए। मंडल अध्यक्ष ने प्रदेश की वर्तमान सरकार पर दलाश क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को बने हुए 15 माह बीत चुके हैं, लेकिन इन 15 माह में सरकार दलाश क्षेत्र में विकास के नाम पर एक पत्थर तक नहीं लगा पाई है। उन्होंने कहा कि यहां पर जो भी विकास हुआ है, वह भाजपा सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने लोकसभा उपचुनाव के समय दलाश में तकनीकी कॉलेज खोलने व दलाश तथा ब्यूंगल पंचायत को नित्थर उप तहसील से काटने की बात कही थी, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि रावमापा दलाश में पिछले एक वर्ष से अध्यापकों के कई पद खाली पड़े हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन पदों को भरने में कोई रुचि नहीं दिखा रही। वहीं सड़कें भी खस्ताहाल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को इसका खामियाजा आगामी चुनावों में भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर गंगा राम चंदेल, सोहनी राम राठी, तेज राम कश्यप, गुलाब चंद, मोहर सिंह, पदम ठाकुर, बुद्धि सिंह, जालप राम, विनोद शर्मा, कुंभ दास, नंद लाल, तिलक राज व अन्य मौजूद रहे।
