डीसी ने दिए सड़को के जल्द बहाली के निर्देश

केलांग। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त वीर सिंह ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर पांच मार्च से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से किए जाने वाले निर्वाचन व्यय पर निगरानी रखने के लिए विभिन्न दलों का गठन किया जा चुका है। आठ मई को मतदान के लिए कार्मिकों को निर्वाचन पूर्वाभ्यास, मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री सहित मतदान केंद्रों तक ले जाने और वापस लाने के लिए बसों और छोटे वाहनों का प्रयोग किया जाएगा। चुनाव को ध्यान में रखते हुए गठित दलों को आने-जाने में कठिनाई न हो, इसको लेकर लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जिले के सभी संपर्क सड़कों से शीघ्र बर्फ हटाकर वाहनों की आवाजाही के लिए उन्हें बहाल किया जाए। इसके अतिरिक्त निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन, मतदान स्थलों से लेकर भारत निर्वाचन आयोग तक विभिन्न सूचनाओं का आदान-प्रदान दैनिक स्तर पर दूरभाष, फैक्स, इंटरनेट व्यवस्था के उचित प्रबंध के लिए बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इंटरनेट सुविधा जल्द से जल्द बहाल की जाए।

Related posts