हफ्ते में जम्मू मार्ग से जुड़ जाएगा लाहौल!

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। करीब एक सप्ताह के भीतर लाहौल घाटी वाया जम्मू मार्ग से जुड़ जाएगी। 94 आरसीसी उदयपुर ने तांदी-संसारीनाला सड़क से बर्फ हटाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। तांदी से करीब 91 किलोमीटर दूर श्योर के समीप डेढ़ सौ मीटर सड़क पर आए भूस्खलन के मलबे को हटाने में बीआरओ के जवान जुट गए हैं। बीआरओ के अधिकारियों की मानें तो इस मलबे को हटाने में दो से तीन दिन का समय लगेगा। मार्ग बहाल होने से लाहौल घाटी के जरूरतमंद लोगों को कुल्लू-मनाली पहुंचने के लिए तांदी से श्योर-किलाड़, संसारी-इश्तियारी-गुलाबगढ़-किश्तवाड़-डोडा बटौत-तथा सांबा लखनपुर-माधवपुर-पंजाब-पठानकोट होते हुए करीब 26 घंटे का सफर कर मनाली पहुंचना पड़ेगा। जरूरतमंद लोगों को हेलिकॉप्टर की राह नहीं ताकनी पड़ेगी। बर्फबारी से तांदी-संसारीनाला मार्ग दिसंबर से यातायात के लिए बंद है। अब इस ओर से लाहौलवासियों को बर्फ की कैद से रिहाई मिलने जा रही है। 94 आरसीसी के कमांडिंग अफसर एसके नरवाल ने बताया कि मौसम ने साथ दिया तो एक सप्ताह के भीतर 141 किलोमीटर लंबी तांदी-संसारीनाला सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। उससे आगे मार्ग पहले ही बहाल हो चुका है।

Related posts