कोकसर से वापस लौटा हेलिकॉप्टर

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-पांगी घाटी के लिए रविवार को प्रस्तावित हेलिकॉप्टर की दोनों उड़ानें खराब मौसम के चलते नहीं हो सकी हैं। हालांकि, पायलट ने भुंतर एयरपोर्ट से आजोग के लिए पहली उड़ान भरी लेकिन रोहतांग से आगे लाहौल की तरफ मौसम काफी खराब होने से पायलट ने हेलिकॉप्टर को कोकसर से वापस भुंतर के लिए मोड़ दिया। खराब मौसम के चलते आजोग और जिस्पा हेलीपैड में पहुंचे यात्रियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। सर्दियों के मौसम में जिला कुल्लू के विभिन्न हिस्सों में रह रहे लाहौल के लोगों की घर वापसी शुरू हो गई है। ऐसे में शेड्यूल जारी होते ही कुल्लू उड़ान समिति कार्यालय के बाहर लाहौल आने वाले यात्रियों का सूची में अपना नाम देखने के लिए जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। खैर, अब लोगों में यह उम्मीद जगी है कि आदर्श चुनाव आचार संहिता लगने से उन्हें मौसम खुलने पर हेलिकॉप्टर सुविधा मिल जाएगी। कुल्लू में तैनात उड़ान समिति के सह प्रभारी शेर लाल ने बताया कि रविवार को लाहौल-पांगी के लिए एक-एक उड़ान भरी जानी थी। पहली उड़ान भुंतर-आजोग-चंबा-आजोग-भुंतर के बीच, दूसरी भुंतर-जिस्पा भुंतर के बीच होनी थी। उन्होंने बताया कि आजोग के लिए निकला हेलिकॉप्टर कोकसर से मौसम खराबी के चलते वापस भुंतर लौट आया है।

Related posts