
हमीरपुर(नीरू)केसीसी बैंक की पक्का भरो शाखा में एटीएम मशीन का शीशा तोड़ने वाला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। इंजीनियरों द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद टोपी पहने एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। रात के समय केवल एक मात्र व्यक्ति वही है जो एटीएम कक्ष में दाखिल हुआ था। उसके प्रवेश करने के दौरान ही एटीएम से ट्रांजेक्शन भी हुई है। फुटेज में कैद व्यक्ति ही संभावित आरोपी हो सकता है जिसका जल्द खुलासा होने की उम्मीद है। बैंक प्रबंधन ने कैमरे की फुटेज पुलिस के सुपुर्द कर दी है। एटीएम से हुई लास्ट ट्रांजेक्शन के खाता नंबर के आधार पर संबंधित व्यक्ति को बुलाया जा सकता है और कैमरे में कैद टोपी वाले व्यक्ति के हुलिये के साथ मिलान होगा, तत्पश्चात आगामी कार्रवाई की जाएगी। कहा जा सकता है कि अब जल्द ही शीशा तोड़ने वाला व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ जाएगा।
2 मार्च की रात को किसी शरारती तत्व ने एटीएम कक्ष में घुसकर तोड़ फोड़ की थी। कक्ष में शीशा तोड़ दिया था हालांकि मशीन को नुकसान नहीं हुआ है। बैंक शाखा के सहायक प्रबंधक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पीडीपी एक्ट की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया था और बैंक प्रबंधन से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मांगी थी। ट्रांजेक्शन रिकार्ड और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक व्यक्ति संदेह के घेरे में आया है। व्यक्ति से पूछताछ के बाद घटना से पर्दा उठ सकता है कि किस नीयत से एटीएम कक्ष में तोड़ फोड़ को अंजाम दिया। एजीएम हमीरपुर मनोहर लाल ने कहा कि फुटेज में कुछ तथ्य सामने आए हैं, पुलिस को कैमरे की रिकार्डिंग दी जा रही है।
