
बद्दी (सोलन)(निशा)ईएसआईसी की ओर से वर्धमान ग्रुप की ओरो स्पिनिंग मिल में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कामगारों को ईएसआईसी से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उनकी समस्याओं को भी सुना गया।
आयोजित जागरूकता शिविर में ईएसआईसी के अधिकारियों ने निगम की योजनाओं की जानकारी दी।
कर्मचारी राज्य बीमा निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक बीएस नेगी ने कामगारों को निगम की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निगम में पंजीकृत कामगार विभिन्न योजनाओं का लाभ ले सकता है। कुछ बीमारियों में कामगार विदेशों से भी अपना उपचार करा सकते हैं। कैंसर जैसे रोगों के लिए कामगार विदेशों से भी अपना उपचार करा सकता है। उन्होंने बताया कि मंडी में ईएसआईसी का मेडिकल कालेज खुला है, जिसमें पांच सौ बेड की व्यवस्था है। कामगारों के बच्चों को चार फीसदी कोटा यहां पर एमबीबीएस करने का रखा गया है। इस मौके पर कामगारों ने अपनी समस्या रखी। कामगारों ने बताया कि उनका उपचार काठा चिकित्सालय में होता है। उन्हें बिल भुड़ड् ईएसआईसी में जमा कराना पड़ता है। इससे उनका आने व जाने में समय बर्बाद हो जाता है। जन संपर्क अधिकारी देवब्रत यादव ने कामगारों को आश्वासन दिया कि उनकी इस मांग पर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने कामगारों की शंकाओं को भी दूर किया।
इस मौके पर वर्धमान ग्रुप के उपाध्यक्ष अश्वनी शर्मा, निगम के समाजिक सुरक्षा अधिकारी छेरिंग सैंपल, हरीश राणा, त्रिभुवन नरायण यादव, हनीफ मोहम्मद, गिरिराज गुप्ता, लेखराज समेत कंपनी का स्टाफ व कामगार उपस्थित हुए।
