
नाहन (सिरमौर)(दीप राम)भाजपा नाहन मंडल ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। मंडल के नेताओं ने एक सुर में कहा है कि सांसद वीरेंद्र कश्यप को सोची समझी रणनीति के तहत फंसाया जा रहा है। पूरे देश में लोकसभा चुनाव से पूर्व भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेसी बौखला गए हैं। बौखलाहट में ही कांग्रेसी ऐसे ओछे हथकंडे अपने रहे हैं। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की चारों सीटों में हार निश्चित है।
भाजपा के जिला प्रवक्ता राकेश गर्ग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सांसद वीरेंद्र कश्यप की लोकसभा चुनाव में विजय निश्चित है। ऐसे में उन पर निराधार आरोप लगाकर कांग्रेसी सरकार जनता का ध्यान बंटाना चाहती है। भाजपा नेताओं ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस अपना वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव का हश्र भूल गई है जहां कांग्रेस को 17 विधानसभा क्षेत्रोें में से 14 में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
मंडल भाजपा ने साफ शब्दों में कहा कि 2009 के चुनाव में वीरेंद्र कश्यप को सिरमौर जिला से 20 हजार वोटों की लीड मिली थी। कांग्रेस को यकीन हो गया है कि पूर्व की लीड इस बार भी उन पर भारी पड़ने वाली है। लिहाजा वह भाजपा के शिष्ट एवं लोकप्रिय सांसद को मनघड़ंत एवं झूठे आरोपों में फंसा रही है।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता विनय गुप्ता, पूर्व जिला महामंत्री विनोज शर्मा, देवेंद्र अग्रवाल, दिगंबर सिंह मंडल अध्यक्ष दीन दयाल वर्मा, प्रतिभा कौशिक, रेखा तोमर, ओपी सेनी, मनीष चौहान, रविदत्त शर्मा, निती अग्रवाल, पूजा तोमर, विशाल तोमर, अशोक विक्रम, प्रीत मोहन, शीला जोशी, शबाना चौहान, श्रवण कुमार, दिगंबर सिंह, देवेंद्र चौधरी, संजय गर्ग, रणधीर सेनी, दिनेश अग्रवाल आदि ने सांसद वीरेंद्र कश्यप पर लगे आरोपों की कड़े शब्दों में निंदा की।
